नवी मुंबई के वाशी इलाके में एक छात्र को मराठी भाषा में बात करने के लिए कहने पर उसकी बुरी तरह से पिटाई कर दी गई। घटना 21 जुलाई से जुड़ी है, जब कुछ कॉलेज छात्र एक व्हाट्सएप ग्रुप पर बातचीत कर रहे थे। ग्रुप में अधिकांश छात्र हिंदी में मैसेज भेज रहे थे, तभी एक छात्र ने मराठी में एक टिप्पणी की – “मराठी में बात करो नहीं तो राज ठाकरे आ जाएंगे।”
इस टिप्पणी के बाद व्हाट्सएप ग्रुप में बहस छिड़ गई, जो धीरे-धीरे तीखी होती चली गई। अगले दिन यानी 22 जुलाई की सुबह लगभग 10:30 बजे चार छात्रों ने मिलकर उस छात्र पर हमला कर दिया, जिसने मराठी में बात करने की बात कही थी। यह हमला कॉलेज परिसर के बाहर वाशी में हुआ। आरोपियों में फैजान नाइक नामक छात्र भी शामिल था, जिसने पीड़ित के सिर पर हॉकी स्टिक से हमला किया।
इस हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि विवाद की जड़ एक साधारण भाषा संबंधी टिप्पणी थी, जो हिंसा में बदल गई। पुलिस अब आरोपियों की पृष्ठभूमि और घटना के पीछे की गहराई से जांच कर रही है।
यह घटना न सिर्फ भाषा के प्रति बढ़ती असहिष्णुता को दर्शाती है, बल्कि युवाओं में बढ़ रही आक्रामकता और असहनशीलता पर भी सवाल उठाती है।

