भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का चौथा मुकाबला बुधवार, 23 जुलाई 2025 से मैनचेस्टर में खेला जाएगा। लेकिन इससे पहले भारतीय टीम को दो अहम झटके लगे हैं। टीम के ऑलराउंडर नितीश रेड्डी और तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह आगामी मुकाबले से बाहर हो गए हैं।
बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड) ने मंगलवार को प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि नितीश रेड्डी बाएं घुटने की चोट के चलते पूरी टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। वे अब स्वदेश लौटेंगे और मेडिकल टीम उनके इलाज और रिहैब प्रक्रिया की निगरानी करेगी।
दूसरी ओर, तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को ट्रेनिंग के दौरान चोट लग गई। बेकेनहैम में अभ्यास सत्र के दौरान नेट पर गेंदबाजी करते समय उनके बाएं हाथ के अंगूठे में चोट आ गई, जिसके कारण वह मैनचेस्टर में होने वाले चौथे टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। हालांकि, अभी वह पूरी सीरीज से बाहर नहीं हुए हैं और उनकी स्थिति पर मेडिकल टीम नजर रख रही है।
इन दो खिलाड़ियों की अनुपस्थिति को देखते हुए चयनकर्ताओं ने तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को टीम में शामिल किया है। कंबोज पहले से ही इंग्लैंड में मौजूद थे और अब वह मैनचेस्टर में भारतीय टीम से जुड़ गए हैं। गौरतलब है कि भारत और इंग्लैंड के बीच सीरीज इस समय बराबरी पर है और चौथा टेस्ट दोनों टीमों के लिए अहम होगा।
