जौनपुर में कलेक्ट्रेट अधिवक्ता समिति के पदाधिकारियों और डीएम के बीच विवाद सामने आया है। बंदोबस्त अधिकारी के कार्य विभाजन में आ रही समस्याओं को लेकर अधिवक्ता बुधवार को डीएम डॉ. दिनेश चंद्र से मिलने पहुंचे।
जिलाधिकारी अपने न्यायालय में सुनवाई कर रहे थे। अधिवक्ताओं ने तत्काल मिलने की मांग की, लेकिन उन्हें सुनवाई के बाद मिलने को कहा गया। इस पर नाराज अधिवक्ताओं ने न्यायालय में प्रदर्शन शुरू कर दिया और वादकारियों को बाहर निकलने को कहा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने समिति के अध्यक्ष घनश्याम सिंह और महामंत्री मनोज मिश्र को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। विवाद का मुख्य कारण कैंप बंदोबस्त अधिकारी की नियुक्ति है। वाराणसी से पवन कुमार सिंधू को दो दिन के लिए कैंप बंदोबस्त अधिकारी नियुक्त किया गया है। आयुक्त चकबंदी ने उन्हें सदर और केराकत तहसील का प्रशासनिक प्रभार दे दिया है।

