लखनऊ में श्रीराजपूत करणी सेना के प्रदर्शन से पहले पुलिस ने इसे लीड करने वालों को नजरबंद कर दिया। पुलिस ने आधी रात को करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह सहित कई पदाधिकारियों को हाउस अरेस्ट किया है। बता दें कि करणी सेना के लोग आज सपा सांसद रामजी लाल सुमन के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले थे।
करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह दीप के चरणभट्ठा रोड स्थित घर पर बुधवार देर रात पीजीआई पुलिस पहुंची। उन्हें नजरबंद कर दिया। इसकी जानकारी दीपू ने फेसबुक पोस्ट के जरिए दी। इनके अलावा, प्रदेश संगठन मंत्री, जिला महामंत्री, जिला अध्यक्ष युवा पर भी पुलिस ने कार्रवाई की।
करणी सेना के हाउस अरेस्ट किए गए पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से प्रदर्शन करने की अपील की है। इन लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा है कि प्रशासन रोक नहीं पाएगा। सभी लोग तय समय पर प्रदर्शन के लिए जुटें।

