झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और दिशोम गुरु शिबू सोरेन इन दिनों दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें पैरालिसिस का हल्का (माइनर) अटैक आया है, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती किया गया। फिलहाल वे अस्पताल के आईसीयू वार्ड में डॉक्टरों की निगरानी में हैं। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत स्थिर है, लेकिन एहतियातन उन्हें मॉनिटरिंग में रखा गया है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी अस्पताल में उनके साथ मौजूद हैं और अपने पिता के इलाज से जुड़ी हर जानकारी पर नजर बनाए हुए हैं। इस बीच झारखंड में उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामनाएं की जा रही हैं। रांची में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रवक्ता मनोज पांडेय समेत पार्टी के कई नेताओं ने रथयात्रा के दौरान पूजा-अर्चना की और गुरूजी के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
शिबू सोरेन के स्वास्थ्य को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चिंता देखी जा रही है। राज्य और देश के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी सर गंगाराम अस्पताल पहुंचीं और वहां मौजूद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व विधायक कल्पना सोरेन से मिलकर शिबू सोरेन की तबीयत की जानकारी ली।
गौरतलब है कि शिबू सोरेन झारखंड के राजनीति में एक प्रमुख और सम्मानित चेहरा रहे हैं। उनके स्वास्थ्य से जुड़ी हर अपडेट को लेकर समर्थक व कार्यकर्ता लगातार प्रार्थनाएं कर रहे हैं।