मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की जनता से सीधे संवाद कर 1905 हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने खुद कुछ शिकायतकर्ताओं को फोन कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान की स्थिति पर फीडबैक लिया। मुख्यमंत्री ने जब फोन उठाकर कहा, “मैं पुष्कर सिंह धामी बोल रहा हूं”, तो लोग हैरान रह गए, लेकिन उन्होंने मुख्यमंत्री से अपनी बात खुलकर साझा की।
मुख्यमंत्री ने उन शिकायतों पर नाराजगी जाहिर की, जिनका अब तक समाधान नहीं हो पाया था। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का तुरंत समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि 1905 हेल्पलाइन पर जनता जो भी शिकायतें दर्ज कर रही है, उनका समयबद्ध और संतोषजनक निपटारा अनिवार्य है।
मुख्यमंत्री धामी ने सभी जिलाधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि वे इस प्रक्रिया में कोई लापरवाही न बरतें। उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए, ताकि लोगों का सरकार पर विश्वास बना रहे।
सीएम ने कहा कि 1905 हेल्पलाइन सरकार और जनता के बीच सेतु का काम कर रही है, इसलिए इसकी कार्यप्रणाली को पूरी तरह प्रभावी और जवाबदेह बनाना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि किसी स्तर पर ढिलाई पाई गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।