ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव के चलते भारत सरकार ने ‘ऑपरेशन सिंधु’ के तहत अपने नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने का अभियान शुरू किया था। इस अभियान के तहत अब तक कुल 3394 भारतीयों को स्वदेश लाया जा चुका है। बुधवार सुबह ही 224 भारतीय नागरिक इजराइल से भारत लौटे, जबकि इससे पहले सोमवार देर रात 12.01 बजे 282 भारतीयों को लेकर एक फ्लाइट ईरान के मशहद से दिल्ली पहुंची थी।
भारतीय दूतावास ने मंगलवार देर रात जानकारी दी कि अब यह निकासी अभियान समाप्त कर दिया गया है, क्योंकि ईरान और इजराइल के बीच युद्धविराम हो चुका है। इसी के साथ लोगों को रजिस्टर करने के लिए खोली गई इवैक्युएशन डेस्क को भी बंद कर दिया गया है।
हालांकि, भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए कहा कि भारत ईरान की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। यदि भविष्य में वहां रहने वाले भारतीयों को कोई खतरा होता है तो भारत अपनी रणनीति में बदलाव करने के लिए तैयार है।
भारत ने यह अभियान ऐसे समय शुरू किया जब ईरान और इजराइल के बीच सैन्य तनाव तेजी से बढ़ रहा था। समय रहते उठाए गए कदमों के चलते हजारों भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाला जा सका, जिससे उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है।
इस पूरे ऑपरेशन ने भारत की संवेदनशीलता, तत्परता और नागरिकों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को फिर से साबित किया है।

