एक्ट्रेस और मॉडल नताशा स्टैनकोविक अपनी एक इंस्टाग्राम पोस्ट की वजह से फिर से चर्चा में आ गई हैं। हाल ही में उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा – ‘Falling in love again feels nice’ यानी ‘फिर से प्यार में पड़ना’। उनकी इस पोस्ट के बाद लोग पूछने लगे कि क्या उनकी जिंदगी में कोई नया इंसान आ गया है?
इसी बीच नताशा ने एक इंटरव्यू में बताया कि वो आने वाले समय को लेकर क्या सोचती हैं। इंटरव्यू में कहा, ‘जैसे-जैसे नया साल शुरू हुआ है, मैं नई चीजों के लिए तैयार हूं – चाहे वो कोई मौका हो, नया अनुभव हो या शायद फिर से प्यार। मैं प्यार से दूर नहीं हूं। जो कुछ भी जिंदगी में आएगा, मैं उसे अपनाना चाहती हूं।
मुझे लगता है कि जब सही वक्त होता है, तब खुद-ब-खुद जुड़ाव बनता है। मैं उन रिश्तों को अहम मानती हूं जो भरोसे और समझ पर टिके होते हैं। मेरा मानना है कि प्यार मेरी जिंदगी का हिस्सा बने, ना कि मेरी जिंदगी को ही बदल दे।’ नताशा ने ये भी कहा कि पिछला साल उनके लिए आसान नहीं था। उन्होंने बताया, ‘पिछला साल मेरे लिए काफी मुश्किलों भरा था, लेकिन मैं उस समय के लिए शुक्रगुजार हूं। मैंने कई तरह के अनुभव किए- कुछ अच्छे, कुछ बुरे; पर मेरा मानना है कि इंसान उम्र से नहीं, अनुभवों से समझदार बनता है।’

