चिलचिलाती धूप और तपती गर्म हवाएं उत्तर भारत के कई राज्यों में लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं। यह मौसम न सिर्फ शरीर को थका देता है, बल्कि स्किन के लिए कई चुनौती लेकर आता है। धूप के सीधे संपर्क में आने से स्किन रूखी, काली और बेजान होने लगती है। साथ ही सनबर्न और टैनिंग जैसी समस्याएं भी आम हो जाती हैं। इसलिए इस मौसम में स्किन की खास देखभाल करना जरूरी है, जिससे वह हेल्दी, हाइड्रेटेड और ग्लोइंग बनी रहे।
इसके लिए विटामिन C एक पावरफुल एंटीऑक्सिडेंट की तरह काम करता है, जो न सिर्फ इम्यूनिटी को बूस्ट करता है, बल्कि स्किन को भीतर से पोषण देकर उसे ग्लोइंग और हेल्दी बनाए रखता है।
विटामिन C एक जरूरी न्यूट्रिएंट्स है, जो शरीर में कोलेजन बनाने में मदद करता है। कोलेजन वह प्रोटीन होता है, जो ब्लड वेसल्स, हड्डियों और मसल्स को मजबूत बनाए रखता है। साथ ही यह शरीर की चोट और घाव भरने की प्रक्रिया में भी अहम भूमिका निभाता है। इसके अलावा विटामिन C आयरन को एब्जॉर्ब और स्टोर करने में मदद करता है, जिससे खून की कमी (एनीमिया) से बचा जा सकता है। चूंकि हमारा शरीर विटामिन C खुद नहीं बना सकता है। इसलिए इसे खाने-पीने की चीजों से लेना जरूरी है।

