आगरा के थाना पिनाहट क्षेत्र के गांव चचिहा मार्ग नयापुरा के पास सरकारी नाले और रास्ते की जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर दो पक्षों में जमकर विवाद और मारपीट हुई। यह घटना उस वक्त हुई जब राजस्व विभाग की टीम एसडीएम के साथ मौके पर पहुंची थी। ग्रामीणों का आरोप है कि विपक्षी पक्ष सरकारी नाले और रास्ते पर अवैध कब्जा करने की कोशिश कर रहा था, जिसे लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें राजस्व विभाग की टीम के सामने दोनों पक्षों में मारपीट और झगड़ा देखा जा सकता है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने असामाजिक तत्वों को खदेड़ा और कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
#SamacharPlusOTT #agra
