वैसे तो इस गर्मी ने आधे से ज्यादा देश को बेहाल कर रखा है| इस भयंकर गर्मी के प्रकोप से सारे जीवित प्रणियों का हाल बहुत बुरा है| इंसान, जानवर और पक्षी सब इस भयावह गर्मी और लू से बुरी तरह परेशान हो चुके हैं|प्रदेश में मैदानी क्षेत्रों में गर्मी अपने चरम पर है और दोपहर में तो लू के थपेड़े बेहाल कर रहे हैं। वहीं , पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम का मिजाज कुछ अलग है|मौसम विभाग के अनुसार, आज भी पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा व तेज हवा के साथ आकाशीय बिजली चमकने के आसार हैं। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में हवा में नमी रहने और तेज धूप खिलने की आशंका है|
पंतनगर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा और पर्वतीय क्षेत्रों में सुबह से बादल मंडराते रहे और दोपहर बाद तेज हवाएं चलने लगी। इसके साथ ही गरज-चमक के साथ कई क्षेत्रों में शाम को झमाझम वर्षा हुई। उत्तरकाशी, चमोली, श्रीनगर गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, घनसाली आदि क्षेत्रों में झमाझम वर्षा हुई। जिससे आसपास के क्षेत्रों में भी गर्मी से राहत मिली।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज भी उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर व पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। इसके साथ ही पहाड़ों में कुछ क्षेत्रों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तूफानी हवा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

