अलीगढ़ में 6 अप्रैल, 2025 को अनीता अपने होने वाले दामाद राहुल के साथ भाग गई। 16 अप्रैल को दोनों ने दादों थाने में सरेंडर किया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों 10 दिन में करीब 2826 km भागते रहे। यूपी के अलावा नेपाल, दिल्ली, बिहार में छिपते रहे।
राहुल ने कहा- मैं भागते-भागते थक चुका था, अब अनीता के साथ अपनी जिंदगी बिताना चाहता हूं। फिलहाल दोनों अलीगढ़ पुलिस की कस्टडी में हैं।
अनीता के देवर प्रमोद बातचीत के लिए तैयार हुए। उन्होंने कहा- भाई-भाभी की शादी के 20 साल हो गए, कभी लगा नहीं कि हमारी भाभी ऐसी हरकत करेंगी। मैंने कभी अपनी भाभी का चेहरा तक खुला नहीं देखा। वह कभी किसी से मजाक तक नहीं करती थीं। लेकिन अब उन्होंने ऐसा काम किया है कि हम लोग मुंह दिखाने लायक नहीं बचे।

