सिगरेट और तंबाकू के सेवन से सिर्फ कैंसर नहीं होता है। इसके कारण ऐसी रेयर डिजीज हो सकती है, जिसके कारण हाथ-पैर तक काटने पड़ सकते हैं।
नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में पब्लिश एक रिपोर्ट के मुताबिक, पूरी दुनिया में हर 1 लाख में 12-20 लोगों को यह बीमारी होती है। हालांकि, भारत में अमेरिका और यूरोप के मुकाबले इसके ज्यादा केस सामने आते है। भारत में पेरिफेरल आर्टरी डिजीज (PAD) के 45-60% पेशेंट्स को बरगर डिजीज हो जाती है। PAD यानी ऐसी बीमारी, जिसमें आर्टरीज के सिकुड़ने से हाथ और पैर में ब्लड फ्लो कम हो जाता है।
दुनिया में सबसे अधिक तंबाकू सेवन के मामले में भारत चीन के बाद दूसरे नंबर पर है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक, भारत में 15 वर्ष या उससे अधिक उम्र के 25.3 करोड़ लोग स्मोकिंग करते हैं। इसलिए बरगर डिजीज का जोखिम भी भारत के लोगों को अन्य देशों के मुकाबले ज्यादा है।

