मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ के घर के पास हुई फायरिंग की घटना के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने पुलिस की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों और कार्यकर्ताओं पर सख्ती करने के बजाय पुलिस को असली अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई पर ध्यान देना चाहिए।
अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “छात्रों और कार्यकर्ताओं पर सख्ती करने के बजाय, पुलिस को असली अपराधियों पर ध्यान देना चाहिए। ऐसा तब होता है जब सरकार और पुलिस की प्राथमिकताएं पूरी तरह से गलत हों।”
टाइगर श्रॉफ की कार पर चलीं पांच गोलियां
दरअसल, रविवार शाम मुंबई के विले पार्ले इलाके में पुष्पा नरसी पार्क के पास अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर कथित तौर पर पांच राउंड फायरिंग की गई। इस घटना में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित बच गए, जबकि उनके ड्राइवर फिरदोष और मौके पर मौजूद उमेश चव्हाण गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मुंबई पुलिस ने मामले में तीन अज्ञात हमलावरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 109(1) और 3(5), साथ ही आर्म्स एक्ट की धाराओं 3 और 25 के तहत केस दर्ज किया है।
जांच में जुटी मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए 15 टीमें गठित की हैं। पुलिस ने टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर फिरदोष का बयान भी दर्ज कर लिया है। फिलहाल मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं।
इस बीच, सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की ओर से कथित तौर पर जिम्मेदारी लेने वाली एक पोस्ट भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से की मुलाकात
फायरिंग की घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी टाइगर श्रॉफ से मुलाकात की। उन्होंने इस घटना को गंभीर और निंदनीय बताते हुए मुंबई में गैंगवार को दोबारा बढ़ावा देने की किसी भी कोशिश के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
एकनाथ शिंदे ने कहा कि मुंबई पहले भी भीषण गैंगवार का दौर देख चुकी है, लेकिन पुलिस की सख्त कार्रवाई से उस स्थिति पर नियंत्रण पाया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी को भी शहर की शांति भंग करने या पुराने दौर को दोहराने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
टाइगर श्रॉफ के घर के पास हुई इस फायरिंग ने मुंबई की सुरक्षा व्यवस्था और अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, अभिजीत दीपके के बयान ने इस घटना को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक बहस को भी हवा दे दी है। अब सबकी नजरें पुलिस जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।

आशीष कुमार सिंह पिछले 12 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने भारत टाइमिंग और दैनिक भास्कर जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में स्थापना काल से ही अपना योगदान दिया है। स्वतंत्र पत्रकार के रूप में काम करते हुए वे मुख्य रूप से राष्ट्रीय राजनीति पर गहन रिपोर्टिंग और विश्लेषण करते हैं।राष्ट्रीय राजनीति उनकी विशेष रुचि का विषय है। वे समसामयिक घटनाओं, राजनीतिक विकास और जनहित के मुद्दों पर तथ्यात्मक व निष्पक्ष पत्रकारिता करते हैं। समाचार पुलिस वेबसाइट पर उनके लेख और रिपोर्ट्स पाठकों को राष्ट्रीय मुद्दों की सही जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास करते हैं।आशीष कुमार सिंह का उद्देश्य सत्यनिष्ठा, निष्पक्षता और जनहित को ध्यान में रखकर पत्रकारिता करना है।
