Haldwani Purification Row: उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद कथित तौर पर कराए गए ‘शुद्धिकरण’ को लेकर सियासी विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। अब कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा में सदन के नेता जेपी नड्डा को पत्र लिखकर मामले में अब तक एफआईआर दर्ज नहीं होने पर सवाल उठाए हैं।
खड़गे ने गुरुवार को लिखे पत्र में कहा कि घटना को 24 दिन बीत चुके हैं, लेकिन संबंधित लोगों और संगठनों के खिलाफ अब तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने इस स्थिति पर हैरानी जताते हुए नड्डा से मामले में कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
‘संविधान की भावना के खिलाफ हुआ शुद्धिकरण’
खड़गे ने अपने पत्र में हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ का जिक्र करते हुए कहा कि यह घटना भारत के संविधान की भावना और मानवीय मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल उनके या कांग्रेस अध्यक्ष के पद से जुड़ा व्यक्तिगत मुद्दा नहीं है, बल्कि इससे करोड़ों लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी याद दिलाया कि घटना सामने आने के बाद राज्यसभा में जेपी नड्डा ने कार्रवाई को लेकर आश्वासन दिया था। खड़गे ने कहा कि उस आश्वासन के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं होना चिंता का विषय है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को निर्देश देने की मांग
राज्यसभा में विपक्ष के नेता खड़गे ने नड्डा से आग्रह किया कि वह उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को आवश्यक निर्देश दें, ताकि ‘शुद्धिकरण’ की घटना में शामिल लोगों और संगठनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा सके।
उन्होंने कहा कि इस मामले में कार्रवाई होना जरूरी है, क्योंकि यह केवल उनका व्यक्तिगत आक्रोश नहीं, बल्कि उन करोड़ों लोगों की भावनाओं से जुड़ा विषय है जो संविधान और समानता के मूल्यों में विश्वास रखते हैं।
राहुल गांधी भी उठा चुके हैं मामला
इससे पहले लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी हल्द्वानी की इस घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा था। राहुल गांधी ने मांग की थी कि घटना में शामिल लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि देश में दलित समाज के लोगों को आज भी इस तरह के व्यवहार का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा था कि संविधान की नजर में छुआछूत अपराध है और ऐसी घटनाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

आशीष कुमार सिंह पिछले 12 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने भारत टाइमिंग और दैनिक भास्कर जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में स्थापना काल से ही अपना योगदान दिया है। स्वतंत्र पत्रकार के रूप में काम करते हुए वे मुख्य रूप से राष्ट्रीय राजनीति पर गहन रिपोर्टिंग और विश्लेषण करते हैं।राष्ट्रीय राजनीति उनकी विशेष रुचि का विषय है। वे समसामयिक घटनाओं, राजनीतिक विकास और जनहित के मुद्दों पर तथ्यात्मक व निष्पक्ष पत्रकारिता करते हैं। समाचार पुलिस वेबसाइट पर उनके लेख और रिपोर्ट्स पाठकों को राष्ट्रीय मुद्दों की सही जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास करते हैं।आशीष कुमार सिंह का उद्देश्य सत्यनिष्ठा, निष्पक्षता और जनहित को ध्यान में रखकर पत्रकारिता करना है।

