सोमवार को देशभर में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित मुख्य समारोह में आम नागरिकों के साथ-साथ कई प्रमुख राजनीतिक नेताओं ने भी शिरकत की। हालांकि, इस आयोजन के दौरान बैठने की व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई है।
कांग्रेस का कहना है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पीछे की पंक्तियों में बैठाया गया, जो उनकी हैसियत के अनुरूप नहीं है। इस मुद्दे पर कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराज़गी जाहिर की।
मनीष तिवारी ने एक पोस्ट साझा करते हुए एक पुरानी तस्वीर और एक मौजूदा वीडियो का ज़िक्र किया। तस्वीर उस समय की है जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, जिसमें वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी, अरुण जेटली और सुषमा स्वराज को गणतंत्र दिवस समारोह में पहली पंक्ति में बैठे देखा जा सकता है। वहीं, हालिया वीडियो में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी को तीसरी पंक्ति में बैठे हुए दिखाया गया है।
अपनी पोस्ट में मनीष तिवारी ने लिखा कि जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब विपक्ष के वरिष्ठ नेताओं को पूरा सम्मान दिया जाता था, लेकिन आज भाजपा सरकार में देश के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस अध्यक्ष को पीछे बैठाया गया। उन्होंने अंत में टिप्पणी की— “सब याद रखा जाएगा।”
