चंडीगढ़ मेयर चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस के अलग-अलग चुनाव लड़ने के फैसले के बाद AAP में बगावत के सुर सामने आए हैं। आम आदमी पार्टी के पार्षद रामचंद्र यादव ने डिप्टी मेयर पद के लिए निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया है।
रामचंद्र यादव के नामांकन प्रस्तावक कांग्रेस के दो पार्षद बने। नामांकन के बाद यादव ने कहा कि उन्होंने पार्टी से टिकट की मांग की थी, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई। उन्होंने साफ किया कि वे अब भी आम आदमी पार्टी का हिस्सा हैं और पार्टी उनके खिलाफ जो भी कार्रवाई करना चाहे, कर सकती है।
इस बीच आम आदमी पार्टी ने अपने आधिकारिक उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने मेयर पद के लिए वार्ड नंबर-25 से योगेश ढींगरा, सीनियर डिप्टी मेयर पद के लिए वार्ड नंबर-29 से मुन्नवर खान और डिप्टी मेयर पद के लिए वार्ड नंबर-1 से जसविंदर कौर को मैदान में उतारा है।
गौरतलब है कि चंडीगढ़ नगर निगम में कुल 35 पार्षद हैं और मेयर पद पर जीत के लिए 19 वोटों की जरूरत होती है। बीजेपी के पास सबसे ज्यादा 18 पार्षद हैं। आम आदमी पार्टी के पास 11 वोट हैं, जबकि कांग्रेस के पास 7 वोट हैं, जिनमें सांसद मनीष तिवारी का एक वोट भी शामिल है। ऐसे में बहुमत का आंकड़ा पार करना सभी दलों के लिए चुनौती बना हुआ है।

