कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने दिल्ली के किराड़ी विधानसभा क्षेत्र से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर सरकार को घेरा है। यह वीडियो शर्मा एन्क्लेव, मुबारकपुर डबास इलाके का बताया जा रहा है, जहां गंदगी और जलभराव के कारण लोगों का जीवन बेहद मुश्किल हो गया है। कड़ाके की सर्दी के बीच पूरी कॉलोनी गंदे पानी में डूबी हुई नजर आ रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पास के एक प्लॉट में डीडीए द्वारा कूड़ा डाले जाने से पानी की निकासी पूरी तरह बंद हो गई, जिससे पूरा इलाका गंदे तालाब में तब्दील हो गया है। हालात ऐसे हैं कि लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है।
इस मुद्दे को लेकर राहुल गांधी ने सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आज आम भारतीय का जीवन नर्क जैसी यातना बन चुका है। सिस्टम सत्ता के आगे बिक चुका है, जहां सब एक-दूसरे की पीठ थपथपाते हुए जनता के हितों को कुचल रहे हैं। उन्होंने देश में “लालच की महामारी” फैलने की बात कही और इसे शहरी सड़न का भयावह रूप बताया।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि समाज इसलिए बर्बादी की ओर बढ़ रहा है क्योंकि हम इस सड़न को “न्यू नॉर्मल” मान चुके हैं—सुन्न, खामोश और बेपरवाह। उन्होंने जनता से अपील की कि जवाबदेही की मांग करें, नहीं तो यह सड़न हर घर तक पहुंच जाएगी।
गौरतलब है कि बुनियादी सुविधाओं और जनसमस्याओं को लेकर राहुल गांधी लगातार केंद्र और स्थानीय सरकारों पर सवाल उठाते रहे हैं।

