प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के सिंगूर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य में बदलाव की जोरदार अपील की। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता 15 वर्षों से चले आ रहे “महा-जंगलराज” से छुटकारा चाहती है और अब असली परिवर्तन का समय आ गया है।
पीएम मोदी ने कहा कि जिस उम्मीद और विश्वास के साथ लोग यहां जुटे हैं, उससे साफ है कि हर कोई बदलाव चाहता है। उन्होंने कहा कि जिस तरह बीजेपी-एनडीए ने बिहार में जंगलराज की वापसी को रोका, उसी तरह अब पश्चिम बंगाल की जनता भी टीएमसी के जंगलराज को विदा करने के लिए तैयार है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सिंगूर की यह विशाल भीड़ और लोगों का उत्साह पश्चिम बंगाल की नई कहानी लिखने का संकेत दे रहा है। हर व्यक्ति एक ही भावना के साथ आया है कि राज्य में वास्तविक परिवर्तन हो और 15 साल के कुशासन का अंत किया जाए।
टीएमसी सरकार पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि राज्य सरकार केंद्र की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचने नहीं देती। उन्होंने कहा कि टीएमसी की बीजेपी से राजनीतिक दुश्मनी अपनी जगह है, लेकिन वह इसका खामियाजा बंगाल की जनता से वसूल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार राज्य के युवाओं और किसानों के खिलाफ रवैया अपनाए हुए है।
युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप
प्रधानमंत्री ने कहा कि टीएमसी सरकार बंगाल के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और बच्चों को पीएम श्री स्कूल जैसी बेहतर शिक्षा सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या ऐसी सरकार, जो बच्चों का भविष्य बर्बाद कर रही हो, उसे सत्ता में बने रहना चाहिए।
पीएम मोदी ने कहा कि जो सरकारें विकास को रोकती हैं और गरीबों के कल्याण में बाधा डालती हैं, जनता उन्हें सजा देती है। उन्होंने दिल्ली का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां की पूर्व सरकार ने आयुष्मान भारत योजना को लागू नहीं होने दिया, लेकिन जनता ने उसे सत्ता से बाहर कर दिया। आज दिल्ली में गरीबों को आयुष्मान योजना के तहत मुफ्त इलाज मिल रहा है।

