असम में एक बार फिर जनसंख्या संतुलन को लेकर बहस तेज हो गई है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने हिंदू समुदाय से अपील की है कि वे दो या उससे अधिक बच्चों पर विचार करें। उनका कहना है कि राज्य में हिंदुओं की जन्म दर लगातार घट रही है, जबकि कुछ क्षेत्रों में अल्पसंख्यक आबादी की वृद्धि अधिक देखी जा रही है।
मंगलवार को बरपेटा जिले में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कई इलाकों में जनसंख्या वृद्धि का अंतर साफ नजर आता है। उन्होंने चिंता जताई कि यदि यह रुझान जारी रहा, तो भविष्य में सामाजिक और पारिवारिक संतुलन प्रभावित हो सकता है।
हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, “कुछ क्षेत्रों में जन्म दर ज्यादा है, जबकि हिंदू समाज में यह लगातार कम हो रही है। इस अंतर को समझना जरूरी है।” उन्होंने आगे कहा कि हर परिवार को कम से कम दो बच्चों पर विचार करना चाहिए और यदि संभव हो तो तीन बच्चे भी हो सकते हैं।
मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं। उन्होंने यह टिप्पणी मीडिया द्वारा कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में मुस्लिम आबादी में कथित वृद्धि से जुड़े सवालों के जवाब में दी।

