उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. एक गांव में लड़की को गुलदार द्वारा खेत में उठा ले जाने की सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग सारे दिन खेतों में ड्रोन उड़ाकर तलाश करता रहा. सैकडों गांव वाले भी हाथों में बल्लम, भाले और लाठी लेकर एक खेत से दूसरे खेत गुलदार और लड़की को तलाशते रहे, लेकिन न तो लड़की मिली और न ही गुलदार का कोई सुराग लगा.
शाम को चार बजे लड़की का फोन आया कि वह देहरादून के परेड ग्राउंड में खड़ी है. यह सुनकर वन विभाग भौचक्का रह गया. पुलिस और गांव वाले हैरान हो गए. आखिर जिस 20 साल की लड़की को गुलदार द्वारा उठा ले जाने की बात कह कर उसकी मां ने शोर मचाया था, वह लड़की अचानक देहरादून कैसे पहुंच गई?
