उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में आयोजित महर्षि वाल्मीकि महोत्सव में शामिल होने आए बॉलीवुड अभिनेता हेमंत बिरजे पर आयोजकों ने गंभीर आरोप लगाए हैं. आरोप है कि पैसे लेने के बावजूद हेमंत बिरजे कार्यक्रम में नहीं पहुंचे. जब आयोजक उन्हें बुलाने के लिए होटल के कमरे में गए तो वो नशे में थे. इस दौरान उन्होंने अभद्र व्यवहार किया. महोत्सव समिति ने इस मामले में पुलिस से शिकायत की है.
महर्षि वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में हर साल की तरह इस वर्ष भी अलीगढ़ में महर्षि वाल्मीकि महोत्सव समिति द्वारा एक भव्य मेला आयोजित किया गया था. इस आयोजन का उद्देश्य वाल्मीकि समुदाय की सांस्कृतिक विरासत और एकता को बढ़ावा देना था. कार्यक्रम में विशेष आकर्षण के तौर पर 1985 की मशहूर फिल्म एडवेंचर्स ऑफ टार्जन के अभिनेता हेमंत बिरजे को आमंत्रित किया गया था. हेमंत बिरजे हिंदी, मलयालम और तेलुगु फिल्मों में काम कर चुके हैं और 20 से अधिक फिल्मों में नज़र आए हैं.

