तेलंगाना के खम्मम जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति को जोमैटो के जरिए ऑर्डर की गई चिकन बिरयानी में कॉकरोच मिलने का दावा किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, श्रीनगर कॉलोनी निवासी मेडीसेट्टी कृष्णा ने जोमैटो ऐप के माध्यम से एक रेस्टोरेंट से स्पेशल चिकन बिरयानी मंगाई थी। यह बिरयानी खम्मम के कोणार्क रेस्टोरेंट से डिलीवर की गई थी।
ग्राहक ने बताया कि जब उन्होंने अपने परिवार के साथ बिरयानी खाना शुरू किया, तो उन्हें उसमें कॉकरोच के टुकड़े दिखाई दिए। यह देख परिवार में हड़कंप मच गया और उन्होंने तुरंत इस बारे में जोमैटो से संपर्क किया।
मामले की जानकारी मिलते ही ग्राहक ने संबंधित रेस्टोरेंट और डिलीवरी ऐप दोनों से शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, इस मामले में जोमैटो या रेस्टोरेंट की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में ऑनलाइन मंगाए गए खाने में कीड़े-मकौड़ों के मिलने की शिकायतें बढ़ती जा रही हैं, जिससे ग्राहकों की सेहत और सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ रही है।

