राजस्थान के जोधपुर जिले के ओसियां से भाजपा विधायक भैराराम सियोल का एक बयान इन दिनों चर्चा में है। उन्होंने बेटियों और विवाहित महिलाओं द्वारा घर छोड़ने की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताई है। विधायक सियोल हाल ही में ओसियां के सती दादी मंदिर में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुए थे, जहाँ उन्होंने मंच से इस विषय पर अपने विचार रखे।
विधायक ने कहा कि उन्हें हर महीने करीब 15 ऐसे मामले सुनने को मिलते हैं, जिनमें परिजन शिकायत करते हैं कि घर की बेटियां या विवाहित महिलाएं बिना बताये घर छोड़कर चली गईं। उन्होंने कहा कि यह प्रवृत्ति सामाजिक ढांचे और पारिवारिक मूल्यों के लिए एक गंभीर चुनौती बनती जा रही है।
सियोल ने कहा, “18-20 वर्ष की युवतियों द्वारा घर छोड़ने की घटनाएं किसी हद तक समझ में आती हैं, लेकिन जब जिम्मेदार उम्र की महिलाएं, जो मां भी हैं, ऐसा कदम उठाती हैं, तो यह हमारे समाज और संस्कृति के लिए चिंताजनक स्थिति है।” उन्होंने आगे कहा कि इस तरह की घटनाएं न केवल परिवारों को तोड़ रही हैं, बल्कि बच्चों के भविष्य पर भी नकारात्मक प्रभाव डाल रही हैं।

