बिहार की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राज्य दौरे से ठीक पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार सरकार पर बड़ा हमला बोला है। सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी ने राज्य के नगर विकास एवं आवास मंत्री जिबेश मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाए और उन्हें मंत्रिमंडल से हटाने की मांग की।
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि मंत्री जिबेश मिश्रा न सिर्फ एक फर्जी ड्रग केस में दोषी पाए गए हैं, बल्कि हाल ही में एक पत्रकार के साथ भी उनका अमर्यादित व्यवहार सामने आया है। उन्होंने कहा कि अपने विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान मंत्री मिश्रा ने एक पत्रकार से सड़कों की खराब स्थिति को लेकर सवाल पूछे जाने पर उसके साथ मारपीट की और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।
तेजस्वी ने इस कथित घटना का वीडियो भी मीडिया को दिखाया और पूछा, “क्या इस मंत्री के खिलाफ FIR दर्ज की जाएगी? क्या उन्हें बर्खास्त किया जाएगा? क्या उन्हें सजा मिलेगी?” उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या उन्हें अपने मंत्री के आचरण की जानकारी है?
तेजस्वी ने यह भी कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था की स्थिति चरमरा गई है। “सरकार और सरकार में बैठे लोग खुद अपराध में लिप्त हैं,” उन्होंने कहा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे पर भी तेजस्वी यादव ने निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि पीएम को पूर्णिया में भाषण देने से पहले वहां की जमीनी सच्चाई भी देखनी चाहिए — टूटी हुई सड़कें, जर्जर स्कूल, बदहाल स्वास्थ्य केंद्र, और बेरोजगारी, महंगाई से त्रस्त जनता की समस्याएं।
तेजस्वी ने विशेष रूप से पूर्णिया मेडिकल कॉलेज की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा, “उम्मीद है कि आपने इसकी हालत देखी होगी।”

