दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को शालीमार बाग में हॉटलाइन मेंटेनेंस वाहन का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पावर विभाग ने इस नई तकनीक के जरिए दिल्लीवासियों को एक बड़ी सौगात दी है। यह विशेष वाहन बिना बिजली की आपूर्ति रोके तारों की मरम्मत कर सकता है। इसकी कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपये बताई गई है। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि भविष्य में ऐसी और भी गाड़ियां लाने की योजना है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि वह हर जगह व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो सकतीं, इसलिए अब इस तरह के कार्यों की ज़िम्मेदारी सांसदों को सौंपी जाएगी। उन्होंने कहा, “अगर मैं अपने पति को यह ज़िम्मेदारी दूं तो कहा जाएगा कि मैंने उन्हें काम पर लगा दिया। इसलिए मैं अब यह जिम्मेदारी सांसद को दे रही हूं।”
इस दौरान मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि मुनक नहर पर नया छठ घाट बनाया जाएगा, जिस पर करीब 40 करोड़ रुपये खर्च होंगे। उन्होंने कहा कि अब तक हरियाणा सरकार इस नहर की सफाई करती थी, लेकिन अब दिल्ली सरकार खुद इसका रखरखाव करेगी। “मुनक नहर दिल्ली की जरूरतों को पूरा करती है, इसलिए अब इसकी सफाई, बैरिकेडिंग और छठ घाट निर्माण का कार्य दिल्ली सरकार खुद करेगी,” उन्होंने कहा।
रेखा गुप्ता ने बताया कि यह नहर छठ पूजा के लिए विशेष रूप से तैयार की जाएगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।

