विदेश यात्रा करने वाले भारतीय नागरिकों और ओसीआई कार्डधारकों के लिए अच्छी खबर है। अब लखनऊ, तिरुवनंतपुरम, तिरुचिरापल्ली, कोझिकोड और अमृतसर एयरपोर्ट पर भी फास्ट ट्रैक इमिग्रेशन – ट्रस्टेड ट्रैवलर प्रोग्राम (FTI-TTP) शुरू कर दिया गया है।
इस सुविधा की शुरुआत गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने डिजिटल माध्यम से की। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम इमिग्रेशन प्रक्रिया को तेज़, सरल और बिना बाधा के पूरा करता है। इससे सबसे ज़्यादा फायदा बार-बार विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों को मिलेगा।
FTI-TTP की शुरुआत सबसे पहले जुलाई 2024 में दिल्ली एयरपोर्ट से हुई थी। इसके बाद मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोच्चि और अहमदाबाद में यह सेवा चालू की गई। अब देश के कुल 13 एयरपोर्ट इस सुविधा से लैस हैं।
अभी तक करीब 3 लाख लोगों ने इस सेवा के लिए पंजीकरण किया है, जिनमें से 2.65 लाख से अधिक लोग इसका लाभ उठा चुके हैं। अमित शाह ने इस पहल को “गर्व का विषय” बताया।

