नई दिल्ली: उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन की सुरक्षा व्यवस्था में केंद्र सरकार ने अहम बदलाव किया है। अब तक यह जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस के पास थी, लेकिन अब गृह मंत्रालय ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को उपराष्ट्रपति की सुरक्षा की कमान सौंप दी है।
CRPF के स्पेशल कमांडो अब उपराष्ट्रपति के आवास, उनके ठहरने के स्थान, आसपास के इलाके और मूवमेंट (मोबाइल सुरक्षा) की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, दिल्ली पुलिस को सिर्फ उपराष्ट्रपति निवास के बाहरी घेरे की सुरक्षा और वहां आने-जाने वाले वाहनों की निगरानी तक सीमित किया गया है।
गृह मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस बदलाव की जानकारी सीआरपीएफ को भेजी गई एक आधिकारिक सूचना में दी। इसमें कहा गया है कि उपराष्ट्रपति की सुरक्षा अब “ब्लू बुक 2025” के प्रावधानों के अनुसार की जाएगी, और CRPF को इसके अनुसार अपनी व्यवस्था तैयार कर मंत्रालय को रिपोर्ट करनी होगी।
यह बदलाव उपराष्ट्रपति की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से किया गया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि दिल्ली पुलिस की सीमित भूमिका के बाद वह किस तरह से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करती है।
