नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी और उनकी पत्नी चारु सिंह ने अपनी वार्षिक संपत्ति विवरण में क्रिप्टोकरेंसी में किए गए निवेश का खुलासा किया है। यह लगातार दूसरा वर्ष है जब उन्होंने डिजिटल करेंसी में निवेश की जानकारी सार्वजनिक की है। इस तरह जयंत चौधरी, मोदी सरकार में क्रिप्टो में निवेश की घोषणा करने वाले पहले मंत्री बन गए हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय की वेबसाइट पर जारी वित्तीय विवरण के अनुसार, 31 मार्च 2025 तक जयंत चौधरी ने लगभग ₹21 लाख और उनकी पत्नी चारु सिंह ने ₹22 लाख क्रिप्टो में निवेश किए हैं। इससे पहले जून 2024 में भी दोनों ने क्रमशः ₹17.9 लाख और ₹19 लाख का निवेश दिखाया था, जो अब क्रमशः 19% और 18% की वृद्धि के साथ सामने आया है।
एक मीडिया बातचीत में चौधरी ने बताया, “क्रिप्टो में मेरा निवेश नया नहीं है, बल्कि यह पहले से किया गया निवेश है जिसे हमने बनाए रखा है। जब निवेश किया था, तब यह मेरी कुल संपत्ति का महज 2 से 3 प्रतिशत था और काफी जोखिम भरा माना जा रहा था।”
केंद्रीय मंत्रियों की संपत्ति और देनदारियों की रिपोर्ट हर साल सार्वजनिक की जाती है, जिससे पारदर्शिता को बढ़ावा मिलता है। जयंत चौधरी का यह कदम ऐसे समय में आया है जब भारत में क्रिप्टोकरेंसी को लेकर नीतिगत स्पष्टता और निवेशकों की जागरूकता दोनों बढ़ रही हैं।

