दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और झारखंड एटीएस ने एक संयुक्त अभियान में आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस ऑपरेशन के तहत रांची के लोअर बाजार स्थित तबारक लॉज से एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है, जो कथित तौर पर आतंकी संगठन आईएसआईएस से जुड़ा है। मौके से हथियार, विस्फोटक बनाने में इस्तेमाल होने वाला केमिकल और कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद किए गए हैं।
दिल्ली में भी एक महत्वपूर्ण गिरफ्तारी हुई है, जहां आफताब नाम के एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। आफताब मुंबई का रहने वाला है और उसे इस आतंकी मॉड्यूल का प्रमुख सदस्य माना जा रहा है। इसी नेटवर्क से जुड़े दानिश नामक एक अन्य संदिग्ध को रांची के इस्लामनगर इलाके से पकड़ा गया है।
फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियों ने देश के विभिन्न हिस्सों से कुल 8 संदिग्धों को हिरासत में लिया है और 12 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।
क्या है मॉड्यूल की साजिश?
शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह मॉड्यूल देश में बड़े स्तर पर आतंकी हमलों की योजना बना रहा था। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इनका निशाना कौन-कौन से इलाके थे और इनके नेटवर्क की जड़ें कितनी गहरी हैं। इस मामले में जांच लगातार जारी है और और भी अहम खुलासे होने की संभावना है।

