बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं. चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हैं. राजनीतिक बयानबाजियां भी तेज हैं. हर किसी को इंतजार है तो बस चुनाव (Bihar Assembly Election 2025) की तारीख का. सवाल यही है कि बिहार में चुनाव आखिर कब होंगे. चुनाव आयोग के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बिहार में विधानसभा चुनाव छठ पूजा के बाद हो सकते हैं. माना जा रहा है कि उस समय बड़ी संख्या में लोग त्योहार मनाने अपने घर लौटते हैं. अगर ऐसे समय पर चुनाव कराया जाएगा तो बड़ी संख्या में लोग वोट डाल सकेंगे. इससे वोट प्रतिशत में बढ़ोतरी होगी. इसीलिए ऐसा माना जा रहा है कि छठ पूजा के बाद चुनाव कराए जा सकते हैं.
30 सितंबर को जारी हो सकती है वोटर लिस्ट
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए वोटर लिस्ट 30 सितंबर को जारी की जा सकती है. वोटर लिस्ट जारी होने के बाद भी चुनाव की तारीखों का ऐलान किया जाएगा. अगर अक्टूबर के पहले हफ़्ते में चुनाव का ऐलान होता है तो 30 दिनों के बाद ही चुनाव कराया जा सकता है. छठ 26 और 27 अक्टूबर को है. तो ऐसे में मना जा रहा है कि नवंबर के पहले हफ्ते में पहले चरण का चुनाव हो सकता है.
इस बार भी तीन चरणों में हो सकते हैं चुनाव
बता दें कि पिछली बार बिहार में विधानसभा चुनाव तीन चरणों में हुआ था. इस बार भी ऐसा ही होने की उम्मीद है. दरअसल 22 नवंबर तक राज्य में नई विधानसभा का गठन होना है, ऐसे में अक्टूबर में चुनाव होना तय माना जा रहा है. अब इंतजार है तो बस चुनाव की तारीखों का. राजनीतिक पार्टियां तो पूरी तरह तैयार दिखाई दे रही हैं.

