दिल्ली में यमुना नदी उफान पर है. एनसीआर के निचले इलाकों में यमुना का पानी भर गया है. नोएडा के मंगरौली, याकूतपुर, झट्ट गांव के पुस्ता सहित कई निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं. यही हाल मयूर विहार, जैतपुर पुश्ता, श्याम घाट और यमुना बाजार का है. फरीदाबाद और गाजियाबाद में भी कुछ इलाकों में पानी घुस गया है. (फोटो-PTI)
असगरपुर, मंगरौली और छपरौली गांवों के साथ ही सेक्टर-128 और सेक्टर-135 के आलीशान फार्महाउस भी पानी में डूब गए हैं. करोड़ों रुपये खर्च कर बने इन फार्महाउसों में शादियों और पार्टियों का आयोजन होता था, लेकिन यमुना का जलस्तर बढ़ते ही यह पूरी तरह पानी से भर गए. (फोटो-PTI)
बुधवार को दिल्ली में यमुना नदी के किनारे बसी कॉलोनियों मयूर विहार, जैतपुर पुश्ता, श्याम घाट और यमुना बाजार का दृश्य बेहद ही भयावह था. चारों तरफ बाढ़ का मटमैला पानी फैला हुआ था, जिसमें खाटें तैर रही थीं. लोग अपने घुटनों तक गहरे पानी में से होकर गुजर रहे थे. घरों के अंदर बेड के नीचे तक पानी पहुंच चुका था. सिर पर जरूरी सामान रखकर सुरक्षित स्थानों की तरफ जा रहे थे. यहीं हाल नोएडा के मंगरौली, याकूतपुर और झट्ट गांव का था.

