उत्तर प्रदेश में जहां एक तरफ महिला सुरक्षा को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं। वहीं महिलाओं और बच्चियों के साथ हो रही घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामले ग्रेटर नोएडा से सामने आ रहा है जहां एक किशोरी ने मनचलों के तंग आकर स्कूल जाना ही छोड़ दिया। इस घटना के बाद से पीड़िता सदमे में हैं उसका कहना है कि वह खुद को घर में कैद कर लेगी लेकिन स्कूल नहीं जाएगी। पीड़ित पिता ने मनचले पर बेटी के फोटो एडिट कर पड़ोसियों को दिखाने का भी आरोप लगाया है। वहीं करीब डेढ़ साल पुराने मामले को वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए आरोपी और उसकी मां के खिलाफ मामला थाने में दर्ज कराया है।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा के एक कस्बे के एक मोहल्ला के रहने वाले पीड़ित पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि हर्षित नाम का एक युवक उसकी बेटी को काफी समय से परेशान करता है। करीब डेढ़ साल पहले आरोपी और उसकी मां ने सोशल मीडिया के इंस्टाग्राम प्लेटफार्म पर उसकी बेटी के फोटो एडिट कर प्रसारित किए थे, जिसमें आरोपी के खिलाफ मामला चल रहा है। आरोप है कि पीड़ित किशोरी जब भी घर से बाहर निकलती है, तभी मनचला अभद्र इशारे और कर उसको परेशान करता है। इतना ही नहीं आरोपी मामले को वापस लेने का दबाव बनाते हुए बदनाम करने की धमकी भी देता है। जिससे डरकर पीड़िता ने कॉलेज भी जाना छोड़ दिया है।
मामला वापस देने का दबाव बना रहा आरोपी
पिता ने बताया कि जब उसने अपनी बेटी से कॉलेज न जाने की वजह पूछी तो पीड़िता ने बताया कि 18 अगस्त को आरोपी हर्षित ने उसे धमकाया था। 27 अगस्त को आरोपित ने पड़ोसियों को पीड़िता के एडिट फोटो व चैट दिखाते हुए कहा कि पुराने मुकदमे को वापस नहीं लिया तो उसके परिवार को कहीं का नहीं छोड़ेंगे। जिससे पीड़िता सदमे में है। इस घटना के बाद से उसने घर से निकलना ही बंद कर दिया है। पिता ने बेटी को कुछ भी होने पर आरोपी की मां बेटे को जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस से शिकायत की है। शिकायत मिलमे बाद पुलिस ने हर्षित और उसकी मां राधा शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

