इरफान पठान ने हाल ही में एक पुराने इंटरव्यू में एमएस धोनी पर एक विवादास्पद टिप्पणी की थी, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस इंटरव्यू में इरफान ने 2008 के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान धोनी के साथ अपनी बातचीत का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उस समय मीडिया में धोनी के हवाले से खबर आई थी कि इरफान अच्छी गेंदबाजी नहीं कर रहे थे। इस पर इरफान ने धोनी से स्पष्टीकरण मांगा, और धोनी ने कहा कि सब कुछ ठीक है और मीडिया ने उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया। बता दें इरफान पठान ने अपना आखिरी वनडे मैच 2012 में खेला था, जिसमें उन्होंने पंजा खोला था लेकिन उसके बाद उन्हें ड्रॉप कर दिया गया था|
हालांकि, इरफान ने आगे एक तंज भरे अंदाज में कहा, “मैं किसी के कमरे में हुक्का सजाने की आदत नहीं रखता।” इस बयान को कई लोग धोनी पर निशाना मानते हैं, जिसमें इरफान ने इशारों-इशारों में यह संकेत दिया कि धोनी उन खिलाड़ियों को ज्यादा तरजीह देते थे जो उनकी व्यक्तिगत पसंद को पूरा करते थे। इस टिप्पणी ने क्रिकेट जगत में खलबली मचा दी है, और सोशल मीडिया पर लोग इस पर चर्चा कर रहे हैं, कुछ इसे इरफान का धोनी पर सीधा आरोप मान रहे हैं, तो कुछ इसे संदर्भ से बाहर निकाला हुआ बयान बता रहे हैं।
इरफान ने यह भी कहा कि वह अपनी आत्म-सम्मान को ठेस नहीं पहुंचाना चाहते थे, इसलिए उन्होंने बार-बार सवाल नहीं किए और अपने प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित किया। यह वीडियो 2020 का बताया जा रहा है, लेकिन हाल ही में यह फिर से वायरल हुआ है।

