उत्तर प्रदेश के बदायूं में रविवार दोपहर एक घर में एलपीजी सिलेंडर से लगी आग ने बड़ा नुकसान किया। हजरतपुर थाना क्षेत्र के हसौरा गांव में यह हादसा हुआ। प्रेम नारायण की पत्नी प्रीतम देवी जब घर में खाना बना रही थीं, तभी गैस चूल्हे से अचानक तेज लपटें निकलने लगीं। आग तेजी से फैली और रसोई के सामान को अपनी चपेट में ले लिया। प्रीतम देवी तुरंत बाहर भागकर परिवार को सूचित किया।
आग की खबर सुनते ही आसपास के ग्रामीण मदद के लिए पहुंच गए। उन्होंने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। घर में रखा रेफ्रिजरेटर, चारपाई, बिस्तर, कपड़े और अनाज जलकर राख हो गया। करीब आधे घंटे बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
तब तक ग्रामीणों ने घरों में लगे सबमर्सिबल पंप से पानी डालकर आग पर काफी हद तक काबू पा लिया था। दमकल कर्मियों ने बची हुई आग को पूरी तरह बुझा दिया। हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। अधिकारी क्षति का आकलन कर रहे हैं।

