8 सितंबर को देशभर में गणेश विसर्जन उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इसी क्रम में मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले से एक अप्रिय घटना सामने आई है। यहां गणेश विसर्जन के दौरान हनुमान चालीसा पाठ के बाद विवाद हो गया, जिसके बाद पथराव की स्थिति बन गई। इस घटना में करीब 7 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 लोगों को हिरासत में लिया है।
यह घटना देर रात करीब 2 बजे लालबाग थाना क्षेत्र के बिरोदा गांव में हुई। जानकारी के अनुसार, गांव में लगभग सभी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन हो चुका था, लेकिन एक प्रतिमा का विसर्जन अगले दिन निर्धारित था। पंडाल के पास हनुमान चालीसा का पाठ किया जा रहा था। पाठ समाप्त होने के कुछ समय बाद तनाव की स्थिति बन गई और देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस द्वारा शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। मामले की जांच जारी है।

