उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपने तीन विधायकों को पार्टी से बाहर कर दिया है। पार्टी के मुताबिक, यह निर्णय उनके जनविरोधी और पार्टी की मूल विचारधारा के खिलाफ आचरण के चलते लिया गया है।
निष्कासित किए गए विधायकों में अभय सिंह, राकेश प्रताप सिंह और मनोज कुमार पांडे शामिल हैं। पार्टी ने इन नेताओं पर आरोप लगाया है कि उन्होंने किसान, महिला, युवा, कारोबारी, नौकरीपेशा और पीडीए वर्गों के हितों के खिलाफ काम किया, और साम्प्रदायिक एवं विभाजनकारी राजनीति को बढ़ावा दिया।
सपा ने इस फैसले की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर साझा करते हुए लिखा, “समाजवादी पार्टी सौहार्द और सकारात्मक राजनीति की पक्षधर है। इन विधायकों द्वारा नकारात्मक और जनविरोधी रुख अपनाने के कारण पार्टी ने जनहित में इन्हें निष्कासित करने का निर्णय लिया है।”
पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया कि तीनों नेताओं को पहले आत्ममंथन और सुधार के लिए पर्याप्त समय दिया गया था, लेकिन सकारात्मक परिवर्तन न आने के कारण यह कदम उठाया गया। सपा ने उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी हैं।

