उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शिक्षक दंपती के इकलौते बेटे के अपहरण की साजिश रची गई। खास बात यह रही कि इस साजिश की मास्टरमाइंड एक महिला निकली, जो पहले उसी घर में किराए पर रह चुकी थी।
घटना बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र की है। रामगंगानगर कॉलोनी में रहने वाले सरकारी शिक्षक गेंदन लाल और उनकी पत्नी का बेटा पीयूष कक्षा 9वीं का छात्र है। 21 अगस्त की सुबह जब पीयूष स्कूल जाने के लिए घर से निकला, तभी कुछ लोग कार और बाइक से पहुंचे और उसका अपहरण करने की कोशिश की। हालांकि, पीयूष ने शोर मचाया और किसी तरह उनके चंगुल से छूटकर भाग निकला।
सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से एक कार, बाइक, मोबाइल फोन और एक तमंचा बरामद किया गया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि अपहरण की साजिश पूजा नाम की महिला ने रची थी, जो पहले पीड़ित परिवार के घर किराए पर रह चुकी थी और मकान मालिक को अमीर समझकर फिरौती के इरादे से यह योजना बनाई थी।

